Haryana weather update: हिसार में बरसे बादल, कई जिलों में 3 अक्टूबर तक बारिश के आसार | weather-update-hisar-rain-forecast-3-october | Hari Bhoomi

Haryana weather update: हिसार में बरसे बादल, कई जिलों में 3 अक्टूबर तक बारिश के आसार | weather-update-hisar-rain-forecast-3-october | Hari Bhoomi

10/1/2025, 12:20:13 PM

Haryana weather update : हरियाणा में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद हिसार जिले में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले के धान्सू व हांसी के आसपास के इलाके में अच्छी बरसात हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। प्रदेश में 24 सितंबर को मानसून की विदाई हो चुकी थी, जिसके बाद यह बारिश मौसम में अप्रत्याशित बदलाव का संकेत दे रही है। इसे पोस्ट मानसून माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से हरियाणा में हवाओं और नमी का रुख बदल गया है। इसी कारण बुधवार को कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने अनुमान जताया है कि बुधवार को झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, चरखीदादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 2 अक्टूबर तक प्रदेश के केवल 6 से 8 जिलों में बारिश के आसार हैं। हालांकि 3 अक्टूबर को मौसम का असर और ज्यादा जिलों में देखने को मिलेगा। आईएमडी के मुताबिक, 3 अक्टूबर को हरियाणा के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इनमें उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा के जिले शामिल हो सकते हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को हल्की ठंडक का एहसास होने लगेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बादल छाने और नमी बढ़ने से रात का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री तक ऊपर जा सकता है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। इससे दिन में उमस कम होगी, जबकि रातें अपेक्षाकृत गर्म रहेंगी। गौरतलब है कि हरियाणा में दो दिन पहले भी कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बरसात हुई थी। इससे पहले प्रदेश में 11 सितंबर को आखिरी बार अच्छी बारिश हुई थी। उसके बाद 24 सितंबर को आधिकारिक रूप से मानसून विदा हो गया था। लेकिन अरब सागर में सक्रिय हुए मौसमीय तंत्र के कारण फिर से मौसम बदला है। इस बारिश से खरीफ की फसल की कटाई कर रहे किसानों को थोड़ी दिक्कत जरूर होगी, लेकिन देर से बोई गई फसलों और रबी सीजन की तैयारी में यह नमी मददगार साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बरसात किसानों के लिए संतुलित रूप से लाभकारी हो सकती है।