Suspicious Death of Married Woman in Mahoba, Family Alleges Murder | Mahoba News: महोबा में विवाहिता की फांसी से संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप | News Track in Hindi

10/1/2025, 12:30:12 PM
Mahoba News: महोबा जनपद में विवाहिता की संदिग्ध फांसी के फंदे से लटककर परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी है। आपको बता दे कि महोबा जनपद के खरेला थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। हमीरपुर जनपद के रिहोटा गांव निवासी जयपाल सिंह की 25 वर्षीय पुत्री बबीता की शादी वर्ष 2023 में नोहाई गांव निवासी हेमंत राजपूत से सम्मेलन के माध्यम से हुई थी। विवाह के बाद हेमंत अपनी ननिहाल जरौली गांव में मिली जमीन पर पत्नी के साथ रह रहा था। बताया गया कि आज बबीता फांसी के फंदे से लटकती मिली। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष ने इस घटना को आत्महत्या बताया। हेमंत के परिजन भान सिंह ने कहा कि अज्ञात कारणों से बहू ने फांसी लगाई है। मृतका का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। वहीं मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। मृतका के चाचा पवन कुमार ने बताया कि बबीता को पति और ससुराल पक्ष से प्रताड़ना मिलती थी। उसने कई बार फोन कर मायके वालों को उत्पीड़न की जानकारी दी थी। पवन के अनुसार जब वे गांव पहुंचे तो ससुराल वाले घर पर मौजूद नहीं थे और बबीता का शव फांसी पर लटका मिला। मृतका के चचेरे भाई इंद्रेश कुमार ने भी आरोप लगाया कि पहले उसे प्रताड़ित किया गया और फिर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।