मिशन शक्ति: आज दिखेगा नन्हीं उडनपरी का जलवा, एक घंटे में 10 किमी दौड़ेगी अनामिका
.jpg)
10/1/2025, 1:39:30 PM
गोंडा, अमृत विचार: मिशन शक्ति .5 अभियान के तहत बृहस्पतिवार को नन्ही उड़नपरी का जलवा दिखेगा। प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में कक्षा एक में पढ़ने वाली 6 वर्षीया अनामिका महात्मा गांधी की जयंती पर एक घंटे में 10 किमी की दौड़ लगायेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के मिशन शक्ति अभियान को गति प्रदान करेगी। उसके इस प्रयास को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्सुकता है। 6 वर्षीय अनामिका इटियाथोक क्षेत्र के भीखमपुरवा गांव की रहने वाली है। उसके पिता मनोज मिश्रा प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में प्रधानाध्यापक हैं और अनामिका इसी विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक व अनामिका के पिता मनोज मिश्रा बताते हैं कि बचपन से ही उसकी रुचि दौडवने में है। सोशल साइट्स से ओलम्पिक के प्रति उत्पन्न हुई जिज्ञासा के बाद उसने खेलों की तरफ रुख किया। उसकी रुचि को देखकर वह उसे उसी दिशा में आगे बढा रहे हैं। अनामिका का सपना ओलंपिक खेलों में भाग लेने का है। वह चीनी ओल्म्पियाड को चुनौती देने के लिए दिन रात पसीना बहाती है। अनामिका कहती है कि चीन को पीछे करके देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करना है। मनोज मिश्रा अपनी निगरानी में उसकी नियमित तैयारी कराते हैं। मनोज का कहना है कि अनामिका बिना रुके 10 किमी तक दौड़ सकती है। बृहस्पतिवार को वह महात्मा गांधी की जयंती पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी और एक घंटे मेम 10 किमी की दूरी तय करेगी। यह दौड़ सुबह 6 बजे पुलिस चौकी भवनियापुर खुर्द से शुरू होकर 7 बजे शुक्ला दहीबड़ा इटियाथोक के प्रतिष्ठान पर समाप्त होगी। उसकी इस प्रतिभा को देखने के लिए स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है। 8 मिनट में 240 पुशअप्श लगाकर इण्डिया बुक आफ रिकार्ड में नाम दर्ज करा चुकी है अनामिका 6 साल की अनामिका सिर्फ दौड़ ही नहीं लगाती वह पुशअप्स भी बेहद तेजी से लगाती है। पिछले वर्ष वह 8 मिनट में 240 पुशअप्श लगाकर इण्डिया बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा चुकी है। अनामिका के इस उपलब्धि के लिए उसे "मैक्सिमम पुश अप्स ए फीमेल किड" का खिताब मिल चुका है। बचपन में जहां आमतौर पर बच्चे बाहर की वस्तुओं को खाने में अधिक रुचि दिखाते हैं वहीं नन्ही अनामिका इन सब चीजों से बहुत दूर है। उसके पिता मनोज मिश्रा ने उसके आहार के लिए रोस्टर तय कर रखा है। अनामिका बाहर की कोई पैकेट वाली वस्तु, तली भुनी चीजें, चीनी,चावल आलू आदि से काफी दूर है। वह अधिकांशतः जैविक सब्जियों व फलों तथा सूखे मेवे पर निर्भर है। महुआ और दूध भी इसकी डाइट में शामिल है।