अरुणाचल के तिरप में निर्माण स्थल पर भूस्खलन से दो मजदूरों की मौत
10/1/2025, 3:14:43 PM
ईटानगर, एक अक्टूबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में बुधवार को एक निर्माण स्थल पर भूस्खलन होने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तिरप जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) एमिली तिंगखत्रा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह घटना बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे हुई, जब एक निर्माण स्थल पर मिट्टी काटने के कारण हुए भूस्खलन में मजदूर दब गए। अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि पांच मजदूर मलबे में फंस गए। इस घटना में लोंगडिंग जिले के कामहुआ नोकसा गांव के दो मजदूरों की मौत हो गई, जिनकी पहचान पंगकाई संकिओम (25) और जाओंग पांसा (18) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि तीन मजदूर- पानफो पनसा, फोंगोई पनसा और चिंगंगम पनसा को बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए पड़ोसी राज्य असम के डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया।