बिहार में CM के तौर पर कौन है पहली पसंद? क्या रहेगी जनसुराज की भूमिका? देखें सर्वे - India TV Hindi

10/1/2025, 4:32:35 PM
पटना: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ सर्वे सामने आए हैं, जिसमें बिहार के आने वाले भविष्य की झलक दिखाई देती है। बिहार के सीएम फेस को लेकर हुए JVC के सर्वे और SPICK MEDIA NETWORK के सर्वे में चौंकाने वाली बात सामने आई है। JVC ओपिनियन पोल के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता ने फिर से सीएम पद के लिए सबसे ज्यादा पसंद किया है। 27 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने नीतीश के पक्ष में राय दी, जबकि तेजस्वी यादव को 25 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला है। इनके बाद प्रशांत किशोर 15 प्रतिशत, चिराग पासवान 11 प्रतिशत और सम्राट चौधरी 8 प्रतिशत वोट पाकर रेस में आते दिख रहे हैं। SPICK MEDIA NETWORK के सर्वे के मुताबिक, सीएम पद के लिए जनता ने तेजस्वी यादव को सबसे ज्यादा पसंद किया है। 30.5% उत्तरदाताओं ने तेजस्वी यादव को सीएम पद के लिए अपनी पहली पसंद बताया है। वहीं नीतीश कुमार को 27.4%, प्रशांत किशोर को 13% और चिराग पासवान को 12% उत्तरदाताओं ने पसंद किया है। हालांकि 30.6% लोग चाहते हैं कि NDA की वापसी पर नीतीश सीएम बनें। नोट- केवल 30.6% लोग चाहते हैं NDA की वापसी पर नीतीश सीएम बनें। Vote Vibe सर्वे के मुताबिक, 56.3% लोग जनसुराज को वोट काटने वाला मानते हैं। वहीं 15.8% लोग किंगमेकर मानते हैं। 9.9% लोग मानते हैं कि जनसुराज का प्रदर्शन खराब रहेगा और 9.6% लोग ये मानते हैं कि वह इस बारे में कुछ कह नहीं सकते। वहीं 8.4% लोग ये मानते हैं कि प्रशांत किशोर सीएम बनेंगे। सर्वेक्षण के निष्कर्ष आगे बताते हैं कि प्रशांत किशोर का जन सुराज अभियान किंगमेकर की भूमिका निभाने की संभावना नहीं रखता, बल्कि इसे मुख्य रूप से वोट काटने वाला माना जा रहा है। हालांकि, उनका अभियान कई सीटों पर, खासकर त्रिकोणीय मुकाबलों में, अंतर को कम कर सकता है।