Delhi Posh Areas: दिल्ली में नेताओं और अधिकारियों की पसंद हैं ये इलाके, सुरक्षा में भी बेहतर | DelhI Posh or Safe Places Lutyens Dwarka Vasant Kunj famous for greenery and security | Hari Bhoomi

10/2/2025, 1:42:51 AM
Delhi Best Colony: देश की राजधानी दिल्ली में हर कोई रहने का सपना देखता है। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोग अच्छी और सुरक्षित जगह ढूंढते हैं। हालांकि दिल्ली में बहुत कम ही इलाके ऐसे हैं, जहां पर भीड़भाड़ कम हो और वहां पर सुरक्षा व्यवस्था अच्छी हो। इसमें भी एक ट्विस्ट है कि कम भीड़भाड़ वाले सुरक्षित इलाकों में किराए पर घर मिलना बेहद मुश्किल होता है। साथ ही यहां पर घर खरीदना लगभग दिल्ली के 95 फीसदी लोगों के लिए केवल एक सपना है। आज हम अपने इस लेख में कुछ ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं, जो सुरक्षित होने के साथ ही इनकी गिनती दिल्ली के रईस इलाकों में होती है। इनमें से कुछ इलाके तो मंत्रियों और अधिकारियों की पहली पसंद हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में.... लुटियंस इलाका दिल्ली का लुटियंस इलाका सबसे वीआईपी और वीवीआईपी माना जाता है। इस इलाके में कई मंत्री और विधायक रहते हैं। इन लोगों की यह पहली पसंदीदा जगह है। यह इलाका कई वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इस इलाके के अंदर ही कनॉट प्लेस, जनपथ मार्केट और खान मार्केट आते हैं। यहीं पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आवास भी है। इस इलाके के हर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सीसीटीवी कैमरा लगे हुए हैं। यहां पर इंडियन आर्मी और सीआरपीएफ के जवान चप्पे-चप्पे पर दिखाई देंते हैं। इस जगह की हर गतिविधियों पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाती है। इसलिए यह दिल्ली का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है। वसंत कुंज वसंत कुंज दक्षिणी दिल्ली में आता है। यहां पर बिजनेसमैन, व्यापारी लोग, डॉक्टर और सरकारी अधिकारी रहते हैं। इस इलाके की सड़कें काफी चौड़ी हैं। यहां से मेट्रो कनेक्टिविटी की सुविधा भी काफी अच्छी है। इस पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यहां आपको अकसर पुलिसकर्मी घूमते हुए नजर आएंगे। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहती है। द्वारका द्वारका दिल्ली के दक्षिण पश्चिम में पड़ता है, जिसे वीआईपी कॉलोनी कहा जाता है। यह दिल्ली की सबसे बड़ी आवासीय कॉलोनी मानी जाती है। सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से यह कॉलोनी काफी सेफ है। इसका विकास काफी तेजी से हो रहा है। द्वारका एक्सप्रेसवे हो या फिर अर्बन एक्सटेंशन रोड सीधे तौर पर सरकार और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की नजर है। यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर समेत कई वर्ल्ड क्लास स्ट्रक्चर यहां पर मौजूद हैं। साकेत दिल्ली का साकेत भी एक वीआईपी और नामी कॉलोनी है। यहां पर काफी बड़े-बड़े शॉपिंग हब मॉल्स, खूबसूरत पार्क, एजुकेशन हब और रेस्टोरेंट हैं। यहां के हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे हैं। यहां से मेट्रो और बसों की कनेक्टिविटी काफी अच्छी है। पुलिस हर समय यहां पर पेट्रोलिंग करती है। यह सुरक्षा की दृष्टि से सेफ कॉलोनी है। ग्रेटर कैलाश ग्रेटर कैलाश दिल्ली का लग्जरी इलाका है, जहां पर बड़ी-बड़ी कोठियां बनी हुई हैं। इस इलाके में लग्जरी घर, अच्छे हॉस्पिटल, छोटे से लेकर बड़ी एजेंसी और बैंक समेत कई बड़ी कंपनियां भी हैं। हर समय यह इलाका दिल्ली पुलिस की निगरानी में रहता है। इतना ही नहीं यहां पर घरों के बाहर बाउंसर और सिक्योरिटी गार्ड हर वक्त मौजूद रहते हैं। इस तरह यह इलाका पूरी तरह से सेफ माना जाता है। रोहिणी दिल्ली का रोहिणी की भी गिनती रईस और सेफ इलाकों में की जाती है। यहां की सड़कें काफी चौड़ी और साफ-सुथरी हैं। यह एक बेहद खूबसूरत इलाका है। यहां पर कई बड़े अधिकारियों, डॉक्टरों, बिजनेसमैन और व्यापारियों वर्ग के लोग रहते हैं। इस इलाके का लगातार विकास हो रहा है। यहां पर दिल्ली का काफी बड़ा सर्राफा बाजार है। इस कारण दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस हर समय रहती है। डिफेंस कॉलोनी दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी एक पॉश इलाका है, जो बिल्कुल सुरक्षित है। इस कॉलोनी को रक्षा अधिकारियों के लिए बनाया गया था। यह कॉलोनी मुख्य रूप से गेटेड सुरक्षा, सक्रिय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और निवासियों की उच्च आय और प्रतिष्ठित प्रोफाइल के कारण सबसे सुरक्षित मानी जाती है। यहां सेवानिवृत सैन्य कर्मियों, व्यापारिक नेताओं और पेशेवरों का निवास है। हौज खास हौज खास भी दिल्ली के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक है। यह साउथ दिल्ली का एक प्रीमियम और शांत आवासीय क्षेत्र है। यह इलाका चारों ओर से हरियाली से घिरा हुआ है। यह इलाका महिलाओं के लिए भी सुरक्षा की दृष्टि से सेफ है। यहां रात में भी पुलिस और पीसीआर वैन मौजूद रहती हैं।