मणिपुर पुलिस ने थौबल से अपहृत दो लोगों को बचाया
10/2/2025, 6:57:56 AM
इंफाल, दो अक्टूबर (भाषा) मणिपुर पुलिस ने फिरौती के लिए अपहृत किए गए दो लोगों को थौबल जिले से बचाया और अपराध में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अपहृत किए गए दो लोगों को बुधवार को थौबल जिले के लिलोंग दोलैथाबी स्थित एक मछली फार्म से बचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद सुल्तान अहमद (25) के रूप में हुई है और उसे मछली फार्म के पास वाईथौ पाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। मछली फार्म में पीड़ितों को बंधक बनाकर रखा गया था, और वहां से पांच कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस ने कहा कि अपहरण में शामिल अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने यह जानकारी नहीं दी कि दोनों लोगों का अपहरण कब किया गया था। इस बीच पुलिस ने 30 सितंबर को सुरक्षा कर्मियों पर आगजनी और भीड़ के हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को इंफाल पूर्व जिले के युमनाम पतलो अवांग लीकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी पहचान कोंजेंगबम नानाव (21) और हैक्रुजम खंबा मेईती (43) के रूप में की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों ने सुरक्षा बलों की एक टीम पर भीड़ के हमले का नेतृत्व किया था, जब वे संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार करने के लिए एक अभियान पर गए थे। इस घटना के दौरान पुलिस के दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।